Ghaziabad Accident: गाजियाबाद के लोनी इलाके के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बाइक स्टंटबाजी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक अभी एक्सप्रेसवे ट्रैफिक के लिए खोला नहीं गया है और फिलहाल स्टंट करने वाले के लिए हॉटस्पॉट बन गया है। घटना 13 अगस्त को पावी सादकपुर में हुई जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।
बाइक स्टंट करते हुए हुई सामने से टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 31 वर्षीय रोहित शर्मा स्टंट करते हुए बाइक चला रहा था और उसका साथी इस स्टंट का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से आ रही बाइक पर सवार 42 वर्षीय सुबोध और उसका साथी संजय शर्मा आ गए। दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को तुरंत अस्पताल भेजा। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि डॉक्टरों ने रोहित शर्मा और सुबोध को मृत घोषित कर दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल संजय शर्मा को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया है।
मृतक और घायल सभी बागपत के निवासी
बताया जा रहा है कि इस हादसे में मारे गए दोनों युवक, रोहित शर्मा (31) और सुबोध (42) और घायल संजय शर्मा सभी यूपी के बागपत जिले के निवासी हैं। हादसे की लाइव वीडियो भी सामने आई है, जिसमें स्टंट के दौरान हुई टक्कर की भयावह तस्वीरें कैद हैं।
