Namo Bharat Rapid Rail: देश की पहली नमो भारत ने दिल्ली-एनसीआर से छोटा हरिद्वार के बीच का सफर पहले से आसान बना दिया है। इस सेमी हाई-स्पीड ट्रेन से छोटा हरिद्वार पहुंचने में सिर्फ 22 से 23 मिनट का समय लगता है। नमो भारत ट्रेन वर्तमान में दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ के बीच चलती है। इस 55 किमी के रूट पर मुरादनगर स्टेशन स्थित है, जिससे महज चंद मिनटों की दूरी पर छोटा हरिद्वार स्थित है, जो गंगनगर किनारे बसा एक पवित्र स्थान है।
नमो भारत से छोटा हरिद्वार की यात्रा
गंगा दशहरा पर छोटा हरिद्वार में उमड़ेगी भीड़
मुरादनगर में स्थित छोटा हरिद्वार एक धार्मिक स्थल है, जो मुरादनगर स्टेशन से कुछ कदमों की दूरी पर पड़ता है। यहां पर नमो भारत ट्रेन से मुरादनगर स्टेशन पर उतरकर पैदल ही पहुंचा जा सकता है। इस धार्मिक स्थल पर हरिद्वार जैसा माहौल देखने को मिलता है। छोटा हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने, गंगाजल भरने और धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए आते हैं। समय की कमी या दूरी के कारण जो लोग हरिद्वार नहीं जा पाते हैं, उनके लिए यह स्थान एक आर्दश और सुलभ विकल्प बन चुका है। छोटा हरिद्वार में गंगा दशहरा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। ऐसे में नमो भारत ट्रेन से लोग आसानी से और कम समय में पहुंच सकते हैं।
छोटा हरिद्वार के लिए नमो भारत का किराया
दिल्ली के आनंद विहार से मुरादनगर के छोटा हरिद्वार की दूरी करीब 35 किमी है। नमो भारत ट्रेन का किराया आनंद विहार से मुरादनगर स्टेशन तक स्टैंडर्ड कोच में 80 रुपये और प्रीमियम कोच में 95 रुपये है। गाजियाबाद से छोटा हरिद्वार की दूरी करीब 18 किमी है। जिसे नमो भारत से सिर्फ 12 मिनट में तय हो जाती है। इसके लिए स्टैंडर्ड कोच का किराया 40 रुपये है। वहीं मेरठ साउथ स्टेशन से छोटा हरिद्वार का करीब 23 किमी का सफर महज 13 से 14 मिनट में तय हो जाएगा। इसके लिए नमो भारत का किराया केवल 60 रुपये है।
मेरठ साउथ से मेट्रो सेवा
मेरठ साउथ स्टेशन से जल्द ही मेट्रो की सेवा भी शुरू होने वाली है। जो परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैसाली, बेगमपुल,एमईएस कॉलोनी, दौरली, मेरठ नॉर्थ, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो के बीच दौड़ेगी। इनमें से तीन स्टेशन मेरठ सेंट्रल, भैसाली और बेगमपुल अंडरग्राउंड रहेंगे। वहीं मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम से मेट्रो और नमो भारत दोनों की सुविधा मिलेगी।
