Shadab Jakati Arrest News: मेरठ पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक वीडियो बनाया जिसमें नाबालिग लड़की और महिलाओं के साथ अभद्र बातचीत की गई थी। इंचौली थाने के प्रभारी जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इंचौली निवासी अनीस की शिकायत पर जकाती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 (ऑनलाइन अश्लील सामग्री का प्रकाशन या प्रसारण) के तहत कार्रवाई की गई है। शादाब जकाती को लोकप्रियता उनके रील '10 रुपए वाला बिस्कुट कितने का है जी' से मिली थी।
मेरठ के इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती गिरफ्तार (फोटो: शादाब जकाती - इंस्टाग्राम)
थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शादाब जकाती एक नाबालिग लड़की और महिलाओं के साथ अभद्र टिप्पणियां करते नजर आ रहे हैं। त्रिपाठी ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद जकाती को अदालत में पेश किया गया, जहां उनकी दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उन्हें जमानत प्रदान कर दी। वहीं, जकाती के वकील सैयद मोहम्मद जामिर ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिख रही बच्ची वास्तव में जकाती की बेटी है और महिला उनकी पत्नी हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि वीडियो में किसी तरह का अशांति फैलाने वाला या आपत्तिजनक व्यवहार नहीं था।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर शादाब जकाती को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई उपयोगकर्ताओं ने इस मामले को गंभीर बताते हुए उनके खिलाफ संज्ञेय धाराओं में कार्रवाई की मांग की, जबकि कुछ ने जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की अपील की। जमानत मिलने के बाद जकाती ने मीडिया से कहा कि उनकी नीयत गलत नहीं थी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि किसी को वीडियो से आपत्ति है तो वे इसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं। विवाद बढ़ने पर उन्होंने संबंधित वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया।
(इनपुट - भाषा)
