Ghaziabad News: गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां के कल्लू गढ़ी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के बीच खड़े होकर सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे पति-पत्नी और इनके दोस्त की मौत हो गई। ये तीनों बीती रात पद्मावत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे के समय तीनों ट्रैक के बीच में खड़े होकर रील्स बना रहे थे। तीनों रील्स बनाने में इतने बिजी थे कि, उन्हें न तो ट्रेन का तेज हॉर्न सुनाई दिया और न ही ट्रेन की हेडलाइट दिखाई दी। हादसा इतना भयानक था कि, तीनों के शव कई टुकड़ों में बंट कर करीब 100 मीटर के ट्रैक पर बिखरे पड़े मिले। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों के टुकड़ों को बीनकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
गाजियाबाद में ट्रेन से कटकर तीन की मौत
मसूरी था प्रभारी इंस्पेक्टर आरसी पंत ने बताया कि, यह हादसा बुधवार रात कल्लू गढ़ी फाटक और डासना स्टेशन के बीच में हुआ। उस समय करीब 80 किलोमीटर की रफ्तार से पद्मावत एक्सप्रेस गाजियाबाद से मुरादाबाद की तरफ जा रही थी। ट्रेन के लोको पायलट द्वारा पुलिस को सौंपे गए मेमो में वीडियो बनाने के चक्कर में हादसे की बात कही गई है। लोको पायलट द्वारा स्टेशन पर दी गई जानकारी में बताया गया कि, तीनों पटरी के बीच खड़े थे। उनके मोबाइल की फ्लैश लाइट चालू थी। जिससे यह पता चल रहा था कि, वे वीडियो शूट कर रहे हैं। पायलट ने उन्हें हटाने के लिए कई बार हॉर्न भी दिया, लेकिन वे ट्रैक से नहीं हटे।
