Ghaziabad: गाजियाबाद के साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर सफर करने वाले यात्री को नए साल में कई खास सुविधाएं मिलने जा रही हैं। भारतीय रेलवे इस रेलवे स्टेशन का मेकओवर करने में जुटा है, जो अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। आरआरटीएस के तहत बन रहे साहिबाबाद स्टेशन पर अब फिनिशिंग का काम चल रहा है। इस स्टेशन पर तीन प्रवेश और निकास गेट बनाए गए है। इसमें से यूपीएसआरटीसी और साहिबाबाद बस डिपो की तरफ बने गेट का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं वसुंधरा की तरफ जाने वाले यात्रियों के लिए बन रहा गेट भी लगभग पूर्ण हो चुका है। वहीं, साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया और साहिबाबाद स्टेशन के बीच खुलने वाले प्रवेश व निकास गेट का कार्य भी करीब 80 फीसदी पूरा हो चुका है।
साहिबाबाद स्टेशन के टिकट घर पर लगी यात्रियों की भीड़
अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस गेट का निर्माण भी पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि, इस स्टेशन पर चार एस्क्लेटर्स को इंस्टॉल करने का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। साथ ही चार लिफ्ट में से 2 को इंस्टॉल किया जा चुका और बाकि बची हुई लिफ्ट को इंस्टॉल किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य भी इसी सप्ताह पूरा हो जाएगा। जिसके बाद इन्हें यात्रियों के आवगमन के लिए खोल दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, ये सुविधाएं अगले साल जनवरी माह से मिलने लगेंगी।
