Boy Commits Suicide in Bijnor: बिजनौर में पिता की डांट से आहत हुए 11 साल के बच्चे ने अपनी जान दे दी। परिवार को उसका शव पास के खाली प्लॉट में लटका मिला। डॉक्टर के पास ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पिता ने बच्चे को स्कूल न जाने के कारण डांटा था। जिससे नाराज होकर बच्चे ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
फाइल फोटो
बार-बार स्कूल न जाने से पिता ने डांटा
किरतपुर थाना प्रभारी (एसएचओ) वीरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना बुधवार को मिल्कियां मोहल्ला की है, जहां निसार नाम के एक व्यक्ति ने अपने बेटे शादान को स्कूल में बार-बार अनुपस्थित रहने के लिए डांटा था। अधिकारी ने बताया, “पिता की डांट से आहत होकर शादान घर से चला गया और जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में उसका शव पास के खाली प्लॉट में दीवार पर लगे हुक से लटका हुआ मिला।”
सब्जी का ठेला लगाकर परिवार पालता है पिता
इस घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेसिंक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का दौरा किया। जानकारी के अनुसार बच्चे का पिता सब्जी का ठेला लगाता है। जिससे वह अपने परिवार का पालन पोषण करता है। उसके दो लड़के और चार लड़कियां थे। बेटे शादान के ऐसा कदम उठाने से परिवार में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
