Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में मुरादनगर के जलालपुर रोड स्थित आदर्श कॉलोनी में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां देशव्यापी प्रशासनिक प्रक्रिया जनगणना की टीम की मदद करना एक प्रॉपर्टी डीलर के लिए जानलेवा साबित हुआ। पड़ोस के घर में जनगणना टीम को ले जाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि एक शख्स ने घर में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर को तमंचे से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।
पड़ोसी के घर जनगणना टीम ले जाना पड़ा भारी (सांकेतिक चित्र | Canva)
जनगणना टीम की मदद करने पर भड़का पड़ोसी
जानकारी के अनुसार, आदर्श कॉलोनी निवासी वीरेंद्र त्यागी पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं। शनिवार सुबह उनके घर पर जनगणना कर्मचारी पहुंचे थे और परिवार का विवरण दर्ज किया था। इसके बाद कर्मचारियों ने कॉलोनी के अन्य घरों की गणना के लिए स्थानीय नागरिक होने के नाते वीरेंद्र त्यागी से सहयोग मांगा। वीरेंद्र त्यागी सुबह करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच जनगणना टीम को लेकर अपने पड़ोस में रहने वाले रामपाल चौधरी के घर पहुंचे। आरोप है कि सरकारी टीम को अपने घर आता देख रामपाल चौधरी अचानक अपना आपा खो बैठा। उसने आव देखा न ताव, कर्मचारियों और वीरेंद्र त्यागी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी हाथ में डंडा लेकर कर्मचारियों और वीरेंद्र के पीछे दौड़ पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख जनगणना कर्मियों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी रामपाल वहां से फरार हो गया।
दरवाजा खोलते ही दाग दी गोली
लड़ाई के कुछ ही देर बाद, जब ऐसा लगा कि मामला शांत हो चुका है, आरोपी रामपाल चौधरी एक खौफनाक साजिश के साथ दोबारा वापस आया। दोपहर करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच आरोपी बाइक से सीधे वीरेंद्र त्यागी के घर पहुंचा और उनका दरवाजा खटखटाया। जैसे ही वीरेंद्र त्यागी ने अनजान बनकर अपने घर का मुख्य दरवाजा खोला, बाहर खड़े रामपाल चौधरी ने बिना कुछ सोचे-समझे सीधे अवैध तमंचे से वीरेंद्र पर गोली दाग दी। गोली लगते ही वीरेंद्र त्यागी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई इस फायरिंग की आवाज से घर के भीतर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के वक्त घर में वीरेंद्र की पत्नी पूनम और उनका चार साल का मासूम बेटा भी मौजूद थे।
हालत नाजुक, आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल वीरेंद्र त्यागी को तत्काल मोदीनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत हायर सेंटर (बड़े अस्पताल) के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले में घायल प्रॉपर्टी डीलर के भाई ज्ञानेंद्र कुमार ने मुरादनगर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी मसूरी सर्किल (भास्कर वर्मा) ने बताया कि तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी रामपाल चौधरी को त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
