शहर

Ghaziabad: खोड़ा में सूर्या हत्याकांड के बाद भारी तनाव; हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता हाउस अरेस्ट, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात

Ghaziabad News: गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद भारी तनाव है। हिंदू रक्षा दल द्वारा हनुमान चालीसा पाठ के आह्वान के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया है। सुरक्षा के लिए 1000 से ज्यादा जवान और RAF तैनात की गई है।

Image

जुमे पर हनुमान चालीसा पाठ के आह्वान के बाद पुलिस सख्त

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में बकरीद के दिन हुए बहुचर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद से सांप्रदायिक माहौल गरमाया हुआ है। हत्याकांड से उपजे आक्रोश के बीच हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के समय ही भारी संख्या में इकट्ठा होकर हनुमान चालीसा का पाठ करने का बड़ा आह्वान किया था। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए गाजियाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिंदू रक्षा दल के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया है। तमाम विरोध प्रदर्शनों की चेतावनियों के बीच शुक्रवार दोपहर 1:00 बजे खोड़ा क्षेत्र की मस्जिदों में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई। इस दौरान पूरे इलाके को छावनी में तब्दील रखा गया था।

बकरीद के दिन क्या हुआ था? जानिए सूर्या हत्याकांड की पूरी कहानी

यह पूरा विवाद बकरीद के दिन शुरू हुआ था, जब असद नाम के एक युवक ने सूर्या चौहान को कथित तौर पर 'कुर्बानी' दिखाने की बात कहते हुए उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे सूर्या की दर्दनाक मौत हो गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक के भाई यश ने मुख्य आरोपी असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

घटना के बाद पुलिस एक्शन में आई और एक मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी असद मारा गया, जबकि बाकी सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद कई राजनीतिक दलों के नेता और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने ऐलान किया था कि वे खोड़ा इलाके में जुमे की नमाज नहीं होने देंगे।

19 मस्जिदों पर पहरा, 1000 से ज्यादा जवान और RAF तैनात

हिंदू संगठनों द्वारा जुमे की नमाज रोकने और हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के आला अधिकारियों ने सुरक्षा के बेहद कड़े बंदोबस्त किए थे। खोड़ा में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नमाज के समय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब 1,000 सुरक्षा जवानों को तैनात किया गया।

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया, "जुमे की नमाज को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। खोड़ा थाना क्षेत्र में कुल 19 मस्जिदें हैं और सुरक्षा की दृष्टि से सभी मस्जिदों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।"

आधा दर्जन थानों की पुलिस और आरएएफ ने संभाला मोर्चा

सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए केवल स्थानीय पुलिस ही नहीं, बल्कि आधा दर्जन से अधिक थानों के पुलिस फोर्स के साथ-साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के जवानों ने भी खोड़ा की सड़कों पर फ्लैग मार्च किया। क्षेत्र के सभी प्रमुख तिराहों, चौराहों, मुख्य बाजारों और संवेदनशील गलियों में पिकेट तैनात की गई है।

मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र, शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खोड़ा एक बेहद घनी और मिश्रित आबादी वाला संवेदनशील क्षेत्र है। सोशल मीडिया पर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिस पर पुलिस पैनी नजर रखे हुए है। एसीपी इंदिरापुरम ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में हर हाल में शांति व्यवस्था कायम रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने साफ तौर पर निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले या जमीन पर शांति भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article