दिल्ली में आज का मौसम (05 June 2026): दिल्ली-NCR में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान दिल्लीवासियों को गुरुवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। अचानक आए मौसम में इस बदलाव के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि राहत का यह सिलसिला अभी थमा नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण दिल्ली समेत उत्तर भारत के एक बड़े हिस्से में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और सुबह 8 बजे दिल्ली का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज के लिए भी धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
गुरुवार को आंधी-तूफान का तांडव: गिरे पेड़ और दीवारें, गाड़ियां टूटीं
गुरुवार (4 जून) को आई तेज आंधी और तूफान के कारण दिल्ली के कई इलाकों में भारी नुकसान की खबरें भी सामने आईं। मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही इस खराब मौसम को लेकर 'रेड अलर्ट' जारी किया था। आंधी इतनी तेज थी कि पुलिस कंट्रोल रूम को पेड़-टहनी और दीवार गिरने की कुल 38 कॉल आईं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से 37 कॉल पेड़ और भारी टहनियां गिरने से जुड़ी थीं, जबकि 1 कॉल दीवार ढहने की थी। इस दौरान सड़क किनारे खड़े कुछ वाहन भी मलबे और पेड़ों के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इन सभी घटनाओं में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली।
दफ्तर छूटने के समय थमे गाड़ियों के पहिए, लगा लंबा जाम
गुरुवार शाम को जब यह मूसलाधार बारिश और आंधी शुरू हुई, वह दफ्तरों की छुट्टी का पीक आवर था। तेज हवाओं और बारिश की वजह से अचानक विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार थम गई और प्रमुख चौराहों पर वाहन रेंगते नजर आए। दिल्ली के साकेत, कनॉट प्लेस, फिरोजशाह रोड, आईटीओ और विकास मार्ग जैसे व्यस्ततम चौराहों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इसके अलावा मथुरा रोड, रिंग रोड, आश्रम चौक, धौला कुआं, बारापल्ला फ्लाईओवर, महात्मा गांधी मार्ग, एनएच-48 और आउटर रिंग रोड (मजनूं का टीला से लेकर रिंग रोड बाय पास तक) पर भी लोग घंटों जाम की चपेट में फंसे रहे।
कैसा रहेगा आज का तापमान?
मौसम विभाग के विभिन्न पूर्वानुमानों के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत बनी रहेगी। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। इसके मुकाबले गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
आज भी 40 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी आने, बादल छाए रहने और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के पूरे आसार हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर अधिकतम 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वीकेंड पर बाहर निकलने वाले लोगों को मौसम का मिजाज देखकर और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करते हुए यात्रा करने की सलाह दी गई है।
