Ghaziabad News: गाजियाबाद के नीति खंड-2 इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक निर्माणाधीन साइट पर अपने परिवार के साथ सो रही 7 साल की मासूम बच्ची को एक दरिंदे ने अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। दिल दहला देने वाली बात यह है कि जिस वक्त यह वारदात हुई, बच्ची का पिता उसी साइट पर गार्ड के रूप में अपनी ड्यूटी निभा रहा था।
सोती हुई बच्ची को उठा ले गया हैवान
पीड़ित परिवार करीब दो महीने पहले ही मध्य प्रदेश से रोजी-रोटी की तलाश में गाजियाबाद आया था। पिता को एक कंस्ट्रक्शन साइट पर गार्ड की नौकरी मिली थी। 15 अप्रैल की रात करीब 11 बजे परिवार साइट के अंदर बने कमरे में सो गया, जबकि पिता अपनी ड्यूटी पर तैनात था। रात करीब 1 बजे ड्यूटी खत्म कर पिता भी बच्चों के पास आकर सो गया। लेकिन महज डेढ़ घंटे बाद, रात 2:30 बजे मासूम की चीखों ने सन्नाटा चीर दिया।
30 मीटर दूर ले जाकर की हैवानियत
रोती हुई बच्ची ने अपने माता-पिता को जो बताया, वह किसी भी इंसान की रूह कंपा देने के लिए काफी है। मासूम के मुताबिक, एक अंजान शख्स ने उसका मुंह दबाया और उसे पास के ही स्वर्ण जयंती पार्क ले गया, जो महज 30 मीटर दूर है। वहां दरिंदे ने बच्ची को बार-बार पीटा और उसके साथ हैवानियत की। वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी दी और उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि इंदिरापुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है, जिसमें आरोपी मासूम बच्ची को ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं, हालांकि अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
एक महीने में तीसरी वारदात
गाजियाबाद में पिछले एक महीने के भीतर मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 16 मार्च को एक पड़ोसी ने 4 साल की बच्ची की हत्या कर दी थी, वहीं पिछले हफ्ते टीला मोड़ इलाके में एक अन्य मासूम के साथ उसके मामा ने ही हैवानियत की थी। एक के बाद एक होती इन घटनाओं ने शहर में बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
