शहर

Ghaziabad Encounter: खोड़ा हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर; मां ने रोते हुए की थी मांग, गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन

Ghaziabad Encounter: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में खोड़ा के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। बकरीद के दिन 17 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या करने के बाद से असद फरार था। मृतक के परिजनों ने एनकाउंटर की मांग की थी।

Image

एनकाउंटर करने वाली टीम

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में छात्र सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने रविवार तड़के एक भीषण मुठभेड़ के बाद मार गिराया। आरोपी असद वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन ने 50,000 का नकद पुरस्कार घोषित किया गया था। इस गोलाबारी में पुलिस का एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पैसे लेकर भागने की फिराक में था आरोपी

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी असद अपने कुछ साथियों से पैसे लेने और फिर वहां से दूर भागने की फिराक में खोड़ा थाना क्षेत्र में आने वाला है। इस इनपुट के मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत एक्शन में आ गया। थाना खोड़ा और थाना इंदिरापुरम की संयुक्त टीमों को पूरे इलाके में अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने चारों तरफ बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया और पूरे क्षेत्र में कॉम्बिंग की जा रही थी।

चेतावनी के बाद पुलिस पर दागीं गोलियां, आत्मरक्षा में हुआ एनकाउंटर

गाजियाबाद DCP धवल जायसवाल ने बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक मोटरसाइकिल पर असद अपने एक साथी के साथ आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया और आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, तो उसने बाइक रोकने के बजाय पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की तरफ से गोलियां चलते ही पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से हुई इस भीषण क्रॉस-फायरिंग में मुख्य आरोपी असद को पुलिस की गोली लग गई और वह वहीं ढेर हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर अंधेरे में भागने में कामयाब रहा।

कांस्टेबल घायल, मौके से अवैध असलहा और बाइक बरामद

इस मुठभेड़ के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस का एक कांस्टेबल भी अपराधी की गोली लगने से घायल हुआ है। घायल कांस्टेबल और गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हुए आरोपी असद को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने असद को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल कांस्टेबल का डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने एनकाउंटर स्थल से वह अवैध असलहा बरामद कर लिया है जिससे असद पुलिस पर फायरिंग कर रहा था।

क्या था सूर्या चौहान हत्याकांड?

गौरतलब है कि बीते 28 तारीख को खोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जघन्य घटना सामने आई थी। वहां असद नामक युवक ने पुरानी रंजिश या विवाद के चलते सूर्या चौहान नाम के लड़के पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना खोड़ा में सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें कुल 5 अभियुक्तों को नामजद आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अभियुक्तों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article