Ghaziabad News: गाजियाबाद के मोहन नगर स्थित चर्चित होटल ‘गरम धरम’ में खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Department) ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में संज्ञान लेते हुए विभाग की टीम ने बुधवार शाम होटल पहुंची और रसोई की जांच की। इस दौरान वहां भारी अनियमितताएं मिलने पर रसोई का संचालन बंद करवा दिया है।
गरम धरम होटल की किचन जांच में मिली गंदगी
किचन में मिली गंदगी और रेंगते हुए कीड़े
मंगलवार को होटल में परोसी गई सब्जी में कॉकरोच मिलने की शिकायत सामने आई थी। शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए होटल की जांच की। बुधवार शाम करीब 6 बजे एडीएम सिटी विकास कश्यप और खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त के नेतृत्व में टीम ने होटल गरम धरम का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान होटल की रसोई की हालत बेहद खराब थी। रसोई में सामान रखने वाले स्थानों पर भारी गंदगी मिली, जबकि दीवारों पर छोटे-छोटे कीड़े रेंगते हुए नजर आए। इतना ही नहीं, होटल का फ्रिज भी नीचे से टूटा हुआ था, और उसी टूटे हुए हिस्से से कीड़े अंदर-बाहर आ-जा रहे थे।
खाद्य विभाग की सख्त कार्रवाई
एडीएम सिटी विकास कश्यप ने बताया कि खाने में इस तरह की लापरवाही और अस्वच्छता को किसी भी हालत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर होटल प्रबंधन को आधिकारिक रूप से नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही, खाद्य विभाग की टीम ने किचन का काम तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए हैं। मौके से खाने-पीने की चीजों और विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल भरकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद होटल प्रबंधन के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
