Ghaziabad News: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में शुक्रवार देर रात एक ढाबे पर मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। जहां दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ढाबे पर खाने खा रहे लोग जान बचाकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
गाजियाबाद में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या
किस बात पर शुरू हुआ विवाद
यह वारदात अंबेडकर गेट के पास स्थित वैष्णो ढाबे की है। पुलिस के अनुसार, ढाबे पर खाना परोसने में देरी और खाने के पैसे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान हमलावरों ने चाकू निकाल लिया और युवकों पर हमला कर दिया। जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान दो युवकों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस को डायल 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली। जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव और डीसीपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ढाबे और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान खोड़ा निवासी सत्यम और उसके दोस्त श्रीपाल के रूप में हुई है। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के निरीक्षण और प्रारंभिक जांच के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
