छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में विस्फोटक नष्ट करने के दौरान दुर्घटनावश हुए धमाके में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया है। फिलहाल, सभी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना से तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
छत्तीसगढ़ के सुकमा में विस्फोट
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना आज देर शाम भेजी थाना क्षेत्र के एलारमडगु सुरक्षा शिविर के पास हुई। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन का एक दल जगदलपुर से कोंटा क्षेत्र के अंतर्गत एलारमडगु शिविर में पहुंचा था ताकि अनुपयोगी विस्फोटकों का सुरक्षित रूप से निपटान किया जा सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - INDIA ब्लॉक के चौथे दिन प्रदर्शन का प्लान तैयार! राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पर सहमति
एलारमडगु शिविर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर विस्फोट
अधिकारी ने बताया कि दल एलारमडगु शिविर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर बोदराजपदर नाला के पास निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जब निपटान प्रक्रिया को अंजाम दे रहा था तभी विस्फोटक का एक टुकड़ा गलती से उछलकर नजदीक जा गिरा और उसमें विस्फोट हो गया। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में सुरक्षा और अभियान के लिए तैनात चार कर्मी घायल हो गए।
विस्फोट में कौन हुए घायल
उन्होंने कहा कि घायलों की पहचान सहायक उप-निरीक्षक एम के तिवारी, निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक अनीस खान और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि घायल कर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद कोंटा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
