भागलपुर : जिले में सोमवार सुबह गंगा नदी में नहाने गए चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। नवगछिया की पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रेरणा कुमार ने बताया कि यह घटना इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नवतोलिया में हुई। बच्चे अपने परिजनों के साथ घाट पर आए थे। नहाते समय अचानक वे गहरे पानी में चले गए। गोताखोरों ने उन्हें बाहर निकाला।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
एसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बच्चों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सभी मृतक बच्चों की आयु 10 से 15 वर्ष के बीच है। इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।
बिहार में छठ का तीसरा दिन
आपको बता दें कि बिहार में चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन सोमवार की शाम छठ व्रतधारी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इसे लेकर पटना सहित राज्य के सभी क्षेत्रों में तैयारियां पूरी होने की बात कही गई है। महापर्व छठ को लेकर बिहार के शहरों से लेकर कस्बों, गांवों तक के लोग सूर्योपासना में श्रद्धाभक्ति में डूबे हुए हैं।
व्रतियों को छठ घाट जाने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर मोहल्ले की गलियों से लेकर पक्की सड़कों पर युवा और बच्चे झाड़ू लगा रहे हैं और उस पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं। पटना जिले में गंगा नदी एवं उसकी सहायक नदियों के लगभग 550 घाटों को छठव्रतियों के लिए तैयार किया गया है। इसके अलावा पार्क एवं तालाबों में भी छठ किए जा रहे हैं।
