अहमदाबाद में रात के अंधेरे में BSNL की अंडरग्राउंड डक्ट पर धावा, 220 मीटर कॉपर केबल काटते चार आरोपी गिरफ्तार

अहमदाबाद के वासणा इलाके में BSNL की भूमिगत डक्ट से कॉपर केबल चोरी की कोशिश का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि चार लोगों ने खुद को AMC कर्मचारी बताकर सुरक्षा गार्ड को गुमराह किया और डक्ट से करीब 220 मीटर केबल निकालने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 31 लाख रुपये का सामान बरामद किया।

Ahmedabad News: अहमदाबाद के वासणा इलाके में BSNL की भूमिगत डक्ट से कॉपर केबल चोरी करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को अहमदाबाद नगर निगम (AMC) का कर्मचारी बताकर सुरक्षा गार्ड को भ्रमित किया और डक्ट खोलकर करीब 220 मीटर लंबा 1,200 पेयर का कॉपर केबल काटकर चोरी करने की कोशिश की। मौके से क्रेन समेत करीब 31 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है। मामला 15 अगस्त की रात करीब 2 बजे वासणा में जी.बी. शाह कॉलेज के सामने गांठिया रथ के पास का है। BSNL के डिविजनल इंजीनियर और अधिकृत शिकायतकर्ता रमेशभाई कंजिभाई झाला की शिकायत के अनुसार, उन्हें रात में कार्यालय के कर्मचारी तुलसीदास खत्री ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और कुछ लोगों को क्रेन की मदद से कॉपर केबल निकालते देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आने के बाद कुछ लोग वहां से भाग गए, जबकि चार लोग मौके पर मिले। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। इनकी पहचान रविकांत उदयभान शर्मा (38), विष्णु ग्यासीराम यादव (38), जितेष जोगेंद्रसिंह यादव (24) और राहुल जयतीभाई भरवाड़ (28) के रूप में हुई है।

Ahmedabad BSNL Cable Theft

अहमदाबाद में BSNL केबल चोरी की बड़ी साजिश का खुलासा

पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में तीन आरोपियों ने बताया कि वे राहुल जयतीभाई भरवाड़ के कहने पर BSNL की डक्ट से तार निकाल रहे थे और राहुल इन तारों को ले जाने वाला था। पुलिस ने जब मौके पर मौजूद भूमिगत डक्ट और केबल के बारे में पूछताछ की तो आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने सुरक्षा गार्ड कमलेश मनात को बताया था कि वे अहमदाबाद नगर निगम के कर्मचारी हैं। आरोप है कि इसी पहचान का इस्तेमाल कर उन्होंने सुरक्षा गार्ड को एक तरफ बैठाया और BSNL डक्ट खोलकर केबल काटना शुरू किया। पुलिस को मौके से करीब 220 मीटर का 1,200 पेयर वाला कॉपर केबल मिला, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा केबल निकालने के लिए इस्तेमाल की जा रही केसरी रंग की क्रेन GJ-27-CQ-2897 भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपए है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 31 लाख रुपए का मुद्देमाल बरामद किया। मौके से पुलिस को 5 हेलमेट, 4 लोहे की चेन, 6 लोहे की आरी, एक बैटन लाइट, एक हथौड़ा और एक टॉर्च समेत अन्य सामान भी मिला।

End of Feed