Punjab News: भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी और वर्ष 2015 में बहबल कलां व कोटकपुरा गोलीकांड के आरोपियों में शामिल अमर सिंह चहल ने सोमवार को कथित तौर पर स्वयं को गोली मार ली। पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि चहल ने यह कदम किन हालात में उठाया।
पूर्व आईजी कथित तौर पर खुद को गोली मारने के बाद अस्पताल में भर्ती (सांकेतिक फोटो: Canva)
सुसाइड नोट में क्या मिला?
हालांकि पुलिस का कहना है कि मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वे किसी आर्थिक ठगी का शिकार हुए थे। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा के अनुसार, गोली चलने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत उनके आवास पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल चहल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पद से रिटायर हो चुके चहल वर्ष 2015 में फरीदकोट जिले के बहबल कलां और कोटकपुरा गोलीकांड मामलों में नामजद आरोपियों में शामिल थे। इस प्रकरण में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एल. के. यादव की अगुवाई में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने 24 फरवरी 2023 को फरीदकोट की एक अदालत में चहल सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया था।
एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा का बयान
पटियाला के एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि सेवानिवृत्त आईजी अमर सिंह चहल के दोस्तों से सूचना मिली थी कि उन्होंने एक नोट साझा किया है, जिसमें आत्महत्या करने की आशंका जताई गई थी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी, डीएसपी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां अमर सिंह चहल घायल अवस्था में मिले। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।
मौके से एक नोट भी बरामद किया गया है, जिसके आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता उनकी जान बचाना है और इस कठिन समय में परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है। एसपी सिटी के अनुसार, सुसाइड नोट की सामग्री के आधार पर उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी और विस्तृत जांच की जाएगी। डॉक्टरों द्वारा किए जा रहे सीटी स्कैन से चोट की गंभीरता का पता चलेगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
(इनपुट- भाषा)
