मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक ही रात में चोरों ने पांच मंदिरों को निशाना बनाकर हाथ साफ कर लिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
बैतूल में चोरों ने पांच मंदिरों को बनाया निशाना, जांच जारी
चोरों ने किन मंदिरों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, चोरों ने भैंसदेही नगर और चिचोलीढाना क्षेत्र के कई प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाया और वहां से चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान प्राचीन शिव मंदिर, देवी मंदिर, प्राचीन दुर्गा मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर समेत कुल पांच मंदिरों में चोरी हुई। बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मंदिरों के आसपास बने मकानों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया था, ताकि कोई बाहर निकलकर उन्हें देख न सके।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचे, तब चोरी का पता चला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
वारदात के बाद मंदिर समितियों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग थाने पहुंचे। उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
