नैनीताल : जिले के भवाली सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पर्यटकों से भरी एक इलेक्ट्रिक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा जंगल क्षेत्र में होने के कारण वाहन काफी देर तक नजर नहीं आया, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार यूपी नंबर की बी-नाइन इलेक्ट्रिक कार (UP 32 QU 1874) भवाली के ढैला गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे और हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
भवाली रातीघाट बाईपास कार हादसे में पांच लोगों की मौत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एसएसबी और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम खाई में उतरी और सभी शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। जंगल और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
पुलिस के अनुसार मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सभी लोग पिछले दो दिनों से नैनीताल में ठहरे हुए थे और किसी रिसॉर्ट की ओर जा रहे थे। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
