शिमला में शनिवार को एक वाहन के खाई में गिरने से मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, हादसा दरोटी इलाके में पानू नाला के पास उस समय हुआ, जब एक व्यक्ति कुछ मजदूरों को अपने खेत में काम कराने के लिए ले जा रहा था।
शिमला में वाहन खाई में गिरा (फोटो-Twitter)
पुलिस के अनुसार, हादसे में दरोटी निवासी कुशल और उनकी मां कल्पना देवी की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इलाके में मजदूरी करने वाली नेपाल की तीन महिलाओं - निर्मला, मीना और रोशनी - की भी हादसे में जान चली गई।
पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति को पहले रोहड़ू के एक अस्पताल ले जाया गया और बाद में शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर दुख जताया और जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घायल व्यक्ति का उचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के परिजनों को तत्काल 15,000 रुपये की सहायता राशि दी गई है।
