Guwahati Hotel Firing: असम के गुवाहाटी में होटल बिलास इन में सोमवार रात फायरिंग की घटना सामने आई है। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, घटना बोरा सर्विस इलाके में रात करीब 9 बजे हुई। पुलिस ने वारदात के आरोपी घनकांत गोगोई को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है। घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गुवाहाटी के होटल बिलास इन में फायरिंग
मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था। घायल व्यक्ति भी उसी गांव का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में फायरिंग की वजह होटल के लीज समझौते से जुड़ा संपत्ति विवाद माना जा रहा है। बताया गया है कि आरोपी ने होटल लीज पर लिया था। विवाद होटल मालिक पक्ष और लीज लेने वाले के बीच होने की आशंका है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है। घटना के पीछे की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
डॉ. पार्थ सारथी महंत ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और घायल व्यक्ति का उपचार जारी है।
