बरेली : थाना सीबीगंज के सामने बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां दिल्ली से बरेली आ रहा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर स्टीयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने बचाव की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर फायर यूनिट को बुलाया गया।
बरेली में ट्रक एक्सीडेंट
सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर सर्विस टीम मौके पर पहुंची। विशेष उपकरणों की मदद से ट्रक में फंसे ड्राइवर को बाहर निकालने के लिए जगह बनाई गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद ड्राइवर को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
दिल्ली से बरेली आ रहा था ट्रक
ड्राइवर की पहचान इसरार अहमद (50) पुत्र अबरार खान, निवासी थाना हाफिजगंज के रूप में हुई है। वह दिल्ली से बरेली की ओर ट्रक लेकर आ रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में सहयोग किया।
