Magh Mela Fire News: प्रयागराज के माघ मेले के सेक्टर–5 में उस समय अफरातफरी मच गई, जब नारायण शुक्ला धाम के शिविर में अचानक आग लग गई। शिविर से उठती तेज लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रयागराज में माघ मेले के सेक्टर 5 में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक, आग नारायण शुक्ला धाम के पूरे शिविर में फैल गई थी, जहां लगभग 15 टेंट लगाए गए थे और इनमें करीब 50 कल्पवासी ठहरे हुए थे। समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि शिविर के बाहर लगी करीब 20 दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि मेला क्षेत्र अंतर्गत थाना झूंसी, सेक्टर पांच में श्री राम नाम एवं मानव प्रचार संघ के परिसर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बता दें कि, पिछले साल भी माघ मेले में भगदड़ और आग की घटना घटी थी।
इससे पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले भी माघ मेले में आग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सोमवार को सेक्टर नंबर–2 में एक पटरी व्यवसायी की दुकान में गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते सिलेंडर लीकेज पर काबू पा लिया। वहीं, रविवार को सेक्टर नंबर–4 स्थित खाक चौक लालकोठी मुकाम अयोध्या के शिविर में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई थी। इस हादसे में चित्रकूट से कल्पवास करने आए शीतला प्रसाद त्रिपाठी का सामान आग की चपेट में आकर जलकर नष्ट हो गया।
