गाजियाबाद में गुरुवार सुबह पैसिफिक मॉल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग की लपटें सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम से उठी और देखते ही देखते आग तेजी से फैलते हुए मॉल के ऑडी रूम तक पहुंच गई। आग के कारण पूरे मॉल में धुआं फैल गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। गनीमत की बात है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
सांकेतिक फोटो
मॉल में कम लोग होने से बड़ा हादसा टला
यह घटना लिंक रोड थाना क्षेत्र स्थित कौशांबी के आनंद विहार बॉर्डर पर बने पैसिफिक मॉल में सुबह करीब 7:30 बजे हुई। सुबह का समय होने के कारण मॉल में कर्मचारियों और आम लोगों की भीड़ मौजूद नहीं थी। इसी कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। आग लगने की सूचना मिलते ही मॉल प्रशासन ने फायर सेफ्टी सिस्टम को एक्टिव कर दिया और शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की।
करीब 1 घंटे बाद मॉल में लगी आग बुझ सकी
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान पूरे मॉल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम में लगी थी, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
