Fatehgarh Sahib Accident News: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी बस पलटने से 7 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में करीब 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और बचाव कार्य शुरू हुआ। पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
आनंदपुर साहिब से लौटते समय हादसा
यह हादसा मंगलवार रात करीब 10 बजे बस्सी पठाना के मोरिंडा-चुन्नी रोड पर हिम्मतपुरा गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 40 लोग सवार थे, जो बैसाखी के मौके पर रूपनगर जिले के आनंदपुर साहिब में मत्था टेककर वापस अपने गांव मेन माजरी आ रहे थे। लेकिन रास्ते में बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। फतेहगढ़ साहिब के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शुभम अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
पुलिस उपाधीक्षक (DSP) राज कुमार के अनुसार, इस हादसे में एक महिला समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों फतेहगढ़ साहिब, बस्सी पठाना और मोरिंडा में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ के PGMIR रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक रूपिंदर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।उन्होंने राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालु मेन माजरी गांव के निवासी थे।
मृतकों की पहचान
- रणजीत कौर पत्नी बलजीत सिंह
- जगविंदर सिंह पुत्र जरनैल सिंह
- ग्रंथि इकबाल सिंह (गाड़ी ड्राइवर)
- लखवीर सिंह पुत्र चरमेल सिंह
- हरवीर सिंह पुत्र चरमेल सिंह
- प्रदीप कौर पत्नी गुरसेवक सिंह
- कुलविंदर सिंह पुत्र करनैल सिंह
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
