Delhi Slum Fire: दिल्ली के रोहिणी इलाके में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया, जहां मांगेराम पार्क स्थित झुग्गियों में अचानक भयंकर आग लग गई। जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची। जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रात 3 बजे लगी झुग्गियों में आग
यह घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियान रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। आग बुध विहार इलाके में कबाड़ के गोदाम के पास बनी झुग्गियों में लगी थी। हादसे के वक्त लोग गहरी नींद में थे। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी झुग्गी को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी और उनकी दो साल की मासूम बच्ची की जलकर मौत हो गई। वहीं कुछ अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुट गए। पुलिस फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
नजफगढ़ में प्लॉट में लगी आग
दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से भी आग की एक घटना सामने आई है, जहां एक प्लॉट में भीषण आग लग गई, जिसकी लपटें आसमान तक दिखाई दीं। बताया जा रहा है प्लॉट में कूड़ा और प्लास्टिक पन्नी का ढेर लगा हुआ था, जिसको इकठ्ठा करके इधर रखा जाता था। जिसमें अचानक आग लग गई। राहत की बात है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।
