Faridabad News: फरीदाबाद पुलिस ने दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित एक होटल से संचालित हो रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर गिरोह के कथित सरगना समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यह गिरोह करीब 400 से 500 लोगों से ठग चुका है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 14 मोबाइल फोन और 14 सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान निखिल, आकाश, ध्रुव, सुनील, नितिन और दो महिलाओं के रूप में हुई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये आरोपी ठगी से मिले पैसों से ऑनलाइन सामान खरीदते थे और बाद में उसे कम कीमत पर काले बाजार में बेच देते थे। उन्होंने बताया कि मामले का खुलासा उस समय हुआ जब सिकरी निवासी एक व्यक्ति ने एनआईटी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई को उसे एक अनजान नंबर से फोन आया था।
14 मोबाइल और 14 सिम के साथ सात आरोपी गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)
राजौरी गार्डन स्थित होटल से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर
पुलिस ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को क्रेडिट कार्ड सेवा का प्रतिनिधि बताया था। उसके अनुसार, शिकायतकर्ता से ओटीपी मांगने से पहले आरोपी ने उसे क्रेडिट कार्ड की खर्च सीमा बढ़ाने का झांसा दिया था। इसके बाद जैसे ही शिकायतकर्ता ने ओटीपी बताया, उसके खाते से 65,040 रुपये कट गए। पुलिस ने बताया कि उसने बताया कि मामले में एनआईटी साइबर थाने में मामला दर्ज कर जांच करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित एक होटल से फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे।
कौन है इस गिरोह का मुखिया?
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस गिरोह का कथित सरगना ध्रुव है जबकि नितिन गिरोह द्वारा इस्तेमाल किए गए डेटा, मोबाइल फोन और सिम कार्ड की आपूर्ति करता था। इनके अलावा दो महिलाओं समेत अन्य आरोपी वेतन पर फोन करने वाले व्यक्ति के रूप में काम करते थे। प्रवक्ता ने बताया, "पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग बहाने बनाकर लोगों को फोन करते थे और उनके बैंक तथा क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी और ओटीपी हासिल कर ठगी करते थे। पूछताछ में करीब 400 से 500 लोगों से ठगी किए जाने की बात सामने आई है।" पुलिस ने बताया कि यह भी पता चला है कि ध्रुव और नितिन के खिलाफ पहले भी साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों ने नौवीं से 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। उसने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
