Surajkund Mela 2023: आज से 36वें सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट मेला शुरू हो गया है, यह मेला 19 फरवरी तक चलेगा। यह मेला देश के साथ दुनिया के सबसे बड़े मेलों में से एक है। यही कारण है कि यहां पर देश के विदेशों से भी पर्यटक पहुंचते हैं। इस मेले का आयोजन हर साल हरियाणा पर्यटन विभाग कई ऑथोरिटी और केंद्रीय मंत्रालयों के सहयोग से आयोजित करता है। इस साल मेले की थीम ‘उत्तर पूर्वी राज्य’ है। यहां पर आपको इन राज्यों से जुडी संस्कृति, रहन-सहन और संस्कृति व कला की झलक देखने को मिलेगी। अगर आप इस मेले में आने की तैयारी कर रहे हैं तो आपको रूट प्लान की पूरी जानकारी होनी जरूरी है। मेले के रूट को लेकर फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी की है।
सूरजकुंड मेले के लिए यह रहेगा रूट प्लान
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने पुलिस एडवाइजरी की जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली की तरफ से आने वाले हल्के वाहन चालक अनखीर चौक और प्रह्लादपुर चौक से मथुरा हाईवे का प्रयोग करेंगे। इन वाहन चालकों को शूटिंग रेंज रोड से होकर सूरजकुंड मेले तक पहुंचने से बचने की सलाह दी गई है। वहीं फरीदाबाद की तरफ से आने वाले वाहन चालकों के लिए फरीदाबाद-सूरजकुंड रोड होकर आना होगा। वहीं, गुरुग्राम की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को बदरपुर और खानपुर होकर सूरजकुंड मेले तक पहुंचना होगा। फरीदाबाद पुलिस ने भारी वाहनों के लिए इन सभी रूट को बंद कर दिया है। इन वाहनों को बाईपास रोड व एनएच-दो मथुरा रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
