Faridabad: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फरीदाबाद को डायरेक्ट कनेक्टिविटी देने के लिए हरियाणा सरकार बड़े प्रोजेक्ट पर कार्य कर रही है। शहर के प्रमुख मोहना मार्ग को अब फोर लेन में परिवर्तित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। आगे चलकर इस हाईवे को चंदावली से कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेस-वे (केजीपी) से कनेक्ट किया जाएगा। जिससे लोग केजीपी के जरिए आसानी से नोएडा एयरपोर्ट पहुंच सकेगा। इसके अलावा नोएडा से कनेक्टिविटी के लिए मंझावली पुल भी बनाया जा रहा है। इसका निर्माण मार्च तक पूरा हो जाएगा। जिसके बाद इस रास्ते से भी फरीदाबाद से नोएडा तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इन दोनों मार्ग से लोग 15 से 20 मिनट में नोएडा पहुंच सकेंगे।
फरीदाबाद में होता सड़क निर्माण
मोहना से केजीपी तक फोर लेन सड़क का निर्माण पुल एवं सड़क निर्माण विकास निगम कर रहा है। इस 12 किलोमीटर लंबी सड़क के फोर लेन निर्माण कार्य पर 63 करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा। अभी इस सड़क के निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई करने के साथ सड़क किनारे की जगह को समतल करने का कार्य हो रहा है। अभी सैकड़ों पेड़ काटे जाने हैं। जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, शहर से केजीपी आने-जाने के लिए मौजपुर टोल प्लाजा से एक मात्र रास्ता मोहना मार्ग ही है। यह अभी दो लेन है, जिसकी वजह से इस मार्ग पर चंदावली, मच्छगर, अटाली, दयालपुर गांव के पास रोजाना भारी जाम लगता है। इस जाम की वजह से मिनटों का रास्ता घंटों में पूरा होता है, लेकिन फोर लेन बन जाने के बाद इस समस्या से राहत मिलेगी।
