Faridabad: हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर ने राज्य का बजट प्रस्तुत कर दिया है। इस बजट में सभी जिलों के डवलपमेंट के लिए कुछ न कुछ घोषणाएं की गई हैं। इसमें फरीदाबाद की झोली भी खाली नहीं है। हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। खट्टर सरकार ने घोषणा की है कि यहां के सूरजकुंड में इस साल हस्तशिल्प मेले की तरह अक्टूबर-नवंबर में भव्य दिवाली उत्सव मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के अलावा विदेशी कलाकार भी हिस्सा लेंगे। इस मेले का आयोजन उसी जगह पर होगा, जहां पर सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले का आयोजन होता है। इसका मकसद भारतीय और हरियाणवी संस्कृति को प्रमोट करना है।
सीएम मनोहर लाल खट्टर बजट प्रस्तुत करने जाते हुए
इसके अलावा फरीदाबाद के सिटी बस सेवा का विस्तार किया जाएगा। खट्टर सरकार ने ऐलान किया है कि अब फरीदाबाद से सिटी बसें गुरुग्राम और मानेसर तक जाएंगी। इसके अलावा इन बसों से गांव व शहर के बीच कनेक्टिविटी भी बढ़ाई जाएगी। इस योजना को अमल में लाने के लिए हरियाणा सरकार फरीदाबाद को 100 एसी इलेक्ट्रिक बसें देने जा रहा है। इनमें से 50 बसें अप्रैल तक फरीदाबाद को मिल जाएंगी। इसके अलावा डीजल और सीएनजी बसों के बेड़े में भी विस्तार किया जाएगा। जिससे लंबे रूट पर भी यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दिया जा सके।
