Faridabad News: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने फरीदाबाद को बड़ी सौगात दी है। विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने रविवार को फरीदाबाद पहुंचे सीएम ने शहर को 50 सिटी बस देने का ऐलान किया है। सीएम ने अपने संबोधन में फरीदाबाद के सेक्टर 61 में सिटी बस डिपो बनाने की भी घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र को आपस में जोड़ने और एफएनजी योजना को भी जल्द अमलीजामा पहनने का आश्वासन दिया। साथ ही बताया कि, फरीदाबाद को जल्द ही 50 सिटी बसों का तोहफा मिलेगा। इसके अलावा मुजेसर और सेक्टर 22 में यहां के लोगों के लिए नए पार्क की नींव भी रखी जाएगी।
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते सीएम मनोहर लाल
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सेक्टर-22, 23 में निर्मित जल घर का उद्घाटन और दशहरा मैदान एनआईटी के सुंदरीकरण कार्य व अनखीर चौक से सूरजकुंड तक सड़क निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया। इसके बाद शहर के लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, जल्द ही फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एफएमडीए) का दोबारा से गठन होने जा रहा है। जिसके बाद विकास कार्यों की फाइल पास कराने के लिए किसी को चंडीगढ़ के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एफएमडीए ने अगले वर्ष की कार्य योजनाओं को बनाना भी शुरू कर दिया है।
