Faridabad Crime: पलवल जिले में फरीदाबाद की दो महिलाओं के साथ मदद का झांसा देकर गैंगरेप और लूट का बड़ा मामला सामने आया है। दोनों पीड़ित महिलाएं आपस में सहेलियां हैं। आरोप है कि आरोपियों ने रेप के बाद दोनों के पास मौजूद जेवर और नकदी भी लूट ली। इस मामले में पीड़ितों ने महिला थाना पुलिस में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, इनमें एक आरोपी महिला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
मदद का झांसा देकर दो महिलाओं के साथ गैंगरेप
मामले की जानकारी देते हुए महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशीला देवी ने बताया कि फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी है कि वह अपनी सहेली के साथ पलवल कोर्ट में किसी काम के सिलसिले में गई थी। वहां पर उन दोनों की मुलाकात रुकैया बेगम से हुई। उसने इन दोनों को बताया कि वह उनकी समस्या को हल करवा देगी। जिसके बाद दोनों सहेलियों ने रुकैया पर विश्वास कर उसे अपनी गाड़ी में बैठ लिया। रुकैया दोनों को नूंह रोड की तरफ ले गई, जहां पर उसे ट्रैक्टर सवार दो व्यक्ति मिले। इनमें से एक व्यक्ति उनकी गाड़ी में बैठ गया, जबकि दूसरा ट्रैक्टर से पीछे आने लगा। पीड़ितों ने इन दोनों को नाम दुल्ली पहलवान और राजेंद्र बताया है।
नशीला पदार्थ पिलाकर किया गैंगरेप
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि सभी आरोपी उन्हें गांव मढनाका स्थित अपने घर ले गए। यहां पर आरोपियों ने उन दोनों को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। जिसके बाद दोनों बेहोश हो गईं और आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया। तीनों आरोपियों ने रेप के बाद उनके गले से सोने की चेन, अंगूठी, 2.70 लाख नगद रुपये भी लूट लिए। होश आने पर जब दोनों ने शोर मचाया तो आरोपियों ने धमकी दी कि चुपचाप यहां से निकल जाओ नहीं तो यहीं पर काट कर दफन कर देंगे और किसी को पता भी नहीं चलेगा। जिसके बाद पीड़ितों ने अपने घर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी और पुलिस के पास पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
