Faridabad News: फरीदाबाद में अरावली के पहाड़ियों में मौजूद पाली गांव के पास सेल्फी लेने के चक्कर में एक युवक की जान चली गई। दोस्तों के साथ पहाड़ी पर पार्टी करने गया युवक शराब के नशे में चट्टानों पर सेल्फी लेने चला गया। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह करीब ढाई सौ फुट नीचे गहरी खाई में गिर गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक जिस खाई में गिरा, वह खनन से बनी है और उसे बेंदा की खदान के नाम से जाना जाता है। मृतक की पहचान बल्लभगढ़ के आदर्श नगर के रहने वाले 42 वर्षीय कमल के तौर पर हुई है।
अरावली की पहाड़ी पर इसी जगह हुआ हादसा
फरीदाबाद पुलिस के अनुसार, मृतक कमल अपने दो दोस्तों रवि और हेमेंद्र के साथ पहाड़ी पर देर शाम शराब पीने पहुंचा था। मृतक के दोस्तों ने प्रारंभिक पूछताछ में सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने पर गिरने की बात कही है। हालांकि पुलिस इस मामले की हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। इसलिए दोनों दोस्तों रवि और हेमेंद्र को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इस मामले में मृतक के स्वजन द्वारा अभी तक किसी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
