Faridabad News: फरीदाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें हनीट्रैप के जरिए झूठे दुष्कर्म केस में फंसा कर अवैध वसूली करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। सेक्टर-16 चौकी पुलिस टीम ने इस मामले में ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय मुकेश नरवत को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार, आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
अवैध वसूली के मामले में स्पा मालिक गिरफ्तार
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मुकेश नरवत सेक्टर-37 स्थित क्राउन मॉल में एक स्पा सेंटर चलाता है। उसने एक सोची-समझी साजिश के तहत शिकायतकर्ता धीरज को फिल्म दिखाने के बहाने बुलाया और अपने स्पा में काम करने वाली युवती को भी उसी थियेटर में भेजा, ताकि दोनों को एक साथ देखा जा सके। बाद में मुकेश ने धीरज से 50 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो युवती से झूठा दुष्कर्म का केस दर्ज करवा देगा।
50 लाख रुपये की मांग
जानकारी के मुताबिक, जब धीरज ने रकम देने से इनकार कर दिया, तो मुकेश ने युवती से महिला थाना सेंट्रल में 12 जुलाई 2023 को झूठा दुष्कर्म मामला दर्ज करवा दिया। इसके बाद 26 जुलाई 2023 को धीरज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोप है कि इसी दौरान थाना परिसर में मुकेश ने केस खत्म कराने के बदले 50 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में धीरज के परिजनों ने 30 जुलाई को 33 लाख रुपये मुकेश को दिए, जिसके अगले दिन यानी 31 जुलाई को युवती से एफिडेविट साइन करवा लिया गया कि उसके साथ कोई दुष्कर्म नहीं हुआ।
पुलिस की पूछताछ जारी
धीरज को 17 नवंबर 2023 को हाईकोर्ट से जमानत मिली। इसके बाद उन्होंने एनजीओ 'एकम न्याय फाउंडेशन' की निदेशक दीपिका नारायण भारद्वाज के साथ हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद मुकेश नरवत, मोंटी चंदीला और एफआईआर दर्ज कराने वाली युवती के खिलाफ सेक्टर-17 थाने में 26 सितंबर 2024 को अवैध वसूली और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) गठित की गई। आरोपी मुकेश नरवत की अग्रिम जमानत याचिकाएं जिला अदालत और हाईकोर्ट दोनों से खारिज हो चुकी थीं। अब उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है।
