शहर

Faridabad News: फरीदाबाद में आज भी बुलडोजर एक्शन; इंटरनेट बंद, भारी रूट डायवर्जन

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में नमो भारत RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए NIT-3 में देर रात बड़ी तोड़फोड़ की गई, जिसमें मंदिर, मस्जिद और अवैध बैंक्वेट हॉल्स को ध्वस्त किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं और ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।

Image

RRTS और एलिवेटेड रोड के रास्ते में आई इमारतें तोड़ी गईं

Photo : Times Now Digital

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से अब तक की सबसे बड़ी तोड़फोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया है। NGT के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ रात करीब 2 बजे NIT-3 स्थित मस्जिद चौक पहुंचा और पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी। इसके बाद सुबह होने तक पुरातत्व विभाग की जमीन पर बने करीब 30 से 40 साल पुराने एक शिव मंदिर, एक मस्जिद और दो अवैध बैंक्वेट हॉल को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया। प्रशासन की यह कार्रवाई शनिवार दिनभर जारी रहने की संभावना है, जिसके चलते पूरे शहर में हाई अलर्ट है।

'नमो भारत' और एलिवेटेड रोड में बन रहे थे बाधा

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, यह तोड़फोड़ दो अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाओं का रास्ता साफ करने के लिए की गई है। NIT-3 मस्जिद चौक के समीप से एक बड़ी एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके दायरे में ये धार्मिक स्थल और अवैध कब्जे आ रहे थे। इसके साथ ही गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा रूट को जोड़ने वाली 'नमो भारत' (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम- RRTS) का हाई-स्पीड कॉरिडोर भी इसी क्षेत्र से गुजरना है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंदिर और मस्जिद दोनों ही प्रबंधनों को खुद से निर्माण हटाने के लिए पूर्व में कई बार कानूनी नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन तय समय सीमा में अतिक्रमण न हटाए जाने के बाद यह सख्त कदम उठाना पड़ा।

NIT एरिया में 21 घंटे के लिए इंटरनेट ठप

इस बड़े तोड़फोड़ अभियान के दौरान सांप्रदायिक तनाव, उपद्रव या अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने बेहद सख्त कदम उठाया है। गृह विभाग की एडिशनल सेक्रेटरी डॉ. वंदना दिसोदिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, एनआईटी क्षेत्र में शनिवार रात 12 बजे से लेकर रात 10 बजे तक (लगभग 21 घंटे) मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, बल्क SMS और सभी डोंगल सेवाएं अस्थायी रूप से पूरी तरह निलंबित रहेंगी। सोशल मीडिया (व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स आदि) के माध्यम से कोई भड़काऊ सामग्री न फैलाई जा सके, इसलिए यह डिजिटल लॉकडाउन लगाया गया है।

मेट्रो मोड़ से सैनिक कॉलोनी तक रास्ते बंद, यह है नया रूट

कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने स्पेशल एडवाइजरी जारी कर कई प्रमुख मार्गों को पूरी तरह सील कर दिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक और मस्जिद चौक होते हुए सैनिक कॉलोनी लालबत्ती तक जाने वाला मुख्य मार्ग शनिवार दोपहर 2 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा डीसीपी एनआईटी कार्यालय से मुल्ला होटल जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की नो-एंट्री है। गुरुग्राम जाने वाले सभी भारी और सामान्य वाहनों को बड़खल, अंखीर चौक, MVN चौक और पाली रोड होकर निकाला जा रहा है। कार और बाइक जैसे हल्के वाहनों के लिए बीके चौक, 4-5 चौक, पटेल चौक, बड़खल गांव रोड और सैनिक कॉलोनी से होते हुए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड का रूट डायवर्जन तय किया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article