Punjab News: पंजाब की सियासत में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) नेता हरदीप सिंह मुंडियां ने भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के उस दावे पर पलटवार किया, जिसमें उनके विदेश चले जाने की बात कही गई थी। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मुंडियां ने कहा, 'मैं यह प्रेस कॉन्फ्रेंस चंडीगढ़ में कर रहा हूं, अमेरिका में नहीं।'
मुंडियां बोले पंजाबियों को डरा नहीं सकते
मुंडियां ने तंज कसते हुए कहा कि शायद टिकट कटने के बाद बिट्टू ने ट्रैवल एजेंसी खोल ली है और अब पंजाब के नेताओं के लिए अमेरिका की टिकट बुक कर रहे हैं।
भतीजे के घर ED रेड पर सवाल
यह पूरा विवाद मुंडियां के भतीजे गुरप्रीत सिंह सैनी उर्फ प्रिंस के लुधियाना में साहनेवाल स्थित घर पर हुई ED रेड के बाद बढ़ा। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, ED की कार्रवाई GMADA से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत हुई। एजेंसी ने दिल्ली, मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला और लुधियाना सहित 26 परिसरों में तलाशी और सर्वे की कार्रवाई की थी। ED के अनुसार, गुरप्रीत सिंह सैनी के वित्तीय लेनदेन भी जांच के दायरे में हैं।
मुंडियां ने आरोप लगाया कि तलाशी के दौरान उनके रिश्तेदारों को परेशान किया गया और परिवार पर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश हुई। उन्होंने दावा किया कि परिवार के सदस्यों से उन्हें AAP छोड़ने और पार्टी से दूरी बनाने के लिए कहने का संदेश देने को कहा गया।
परिवार से बदसलूकी का भी आरोप
मंत्री मुंडियां ने आरोप लगाया कि तलाशी के दौरान परिवार की महिलाओं और बच्चों को परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि एक छोटी बच्ची कई घंटे तक परेशान रही और उनके भतीजे की गर्भवती पत्नी को भी घंटों खड़ा रखा गया।
'डर से चुनाव नहीं लड़ सकते'
मुंडियां ने भाजपा पर राजनीतिक दबाव के लिए केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को ED की कार्रवाई या धमकियों से डराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, AAP ईमानदारी की प्रतीक है और 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल व मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 'कट्टर ईमानदार' नेता हैं। उन्होंने कहा, 'अगर हम जनता का एक रुपया भी लें तो वह हमारे लिए जहर जैसा होगा। हम पूरी ईमानदारी से पंजाब की सेवा कर रहे हैं।'
