चमोली में आफत की बारिश, अचानक आई बाढ़ में बहा ज्योतिर्मठ-मलारी राजमार्ग पर बना पुल, दर्जनों गांवों से टूटा संपर्क

उत्तराखंड के चमोली में भारी बारिश के कारण ज्योतिर्मठ-मलारी राजमार्ग पर बना पुल बह गया, जिसके कारण तमक से आगे नीति घाटी के सीमांत क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों से मोटर संपर्क टूट गया है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम के कारण यहां हालत बिगड़े हुए हैं। इस बीच ज्योतिर्मठ-मलारी राजमार्ग पर शनिवार देर रात भारी बारिश के कारण तमक बरसाती नाले में बाढ़ आने से यहां बना एक पुल बह गया। पुल के बहने से नीति घाटी के सीमांत क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों तथा सीमा पर तैनात सैनिक एवं अर्धसैनिक बलों से मोटर संपर्क टूट गया ।

Chamoli News

अचानक आई बाढ़ में बहा ज्योतिर्मठ-मलारी राजमार्ग पर बना पुल (फोटो - चमोली पुलिस एक्स हैंडल)

भारी बारिश के कारण देर रात आई बाढ़

चमोली जिला प्रशासन ने बताया कि सुराई थोटा और जुम्मा के बीच तमक नाले के ऊपरी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण देर रात दो बजे बाढ़ आ गई, जिससे वहां बना सीमेंट और कंक्रीट का पुल बह गया। अलकनंदा नदी की सहायक जलधारा धौलीगंगा के किनारे स्थित इस क्षेत्र में हुई घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। पुल बहने से तमक से आगे नीति घाटी के सीमांत क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक जनजातीय गांवों और सीमा पर तैनात सैनिक एवं अर्धसैनिक बलों का मोटर संपर्क ठप हो गया है। करीब तीन साल पूर्व यहां से लगभग पांच किलोमीटर आगे जुम्मा मोटर पुल भी इसी तरह बह गया था।

End of Feed