दिल्ली से सटे गाजियाबाद के साहिबाबाद मंडी में आज यानी सोमवार 11 अगस्त को सुबह एक सनसनीखेज घटना हुई। यहां अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जिस समय यह घटना हुई उस समय साहिबाबाद मंडी में व्यापारियों की बैठक चल रही थी। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनते ही वहां अफरातफरी मच गई। घटना सुबह करीब 11.45 बजे की है, जब अज्ञात हमलावरों ने यहां दर्जनों राउंड गोलियां चलाईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक साहिबाबाद मंडी में एक मीटिंग चल रही थी। इसी दौरान कुछ बदमाश अचानक इस मीटिंग में आ गए और उन्होंने वहां रखी कुर्सियों को तोड़ना शुरू कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद बिना किसी चेतावनी के इन बदमाशों ने गोलियां चलाना सुरू कर दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर वहां अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
व्यापारियों का आरोप है कि यह हमला मंडी सचिव की मिलीभगत से हुआ है। उनका कहना है कि मंडी सचिव लंबे समय से यहां के व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं। विवाद की जड़ तीन शेड प्लेटफॉर्म्स का आवंटन माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि मंडी सचिव ने इन्हें कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया था। इस बात से नाराज हमलावरों ने एक दिन पहले भी व्यापारियों को धमकी दी थी।
घटना की सूचना मिलने पर साहिबाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंद कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। लेकिन जिस तरह से मंडी परिसर में यह घटना हुई, उससे मंडी की सुरक्षा पर सवाल तो खड़े हो ही गए हैं।
