Dhanbad News: खदान की ब्लास्टिंग के बाद कांपी जमीन, देखते ही देखते धरती में समा गया दो मंजिला मकान; 12 से ज्यादा घरों पर छाया संकट

झारखंड के धनबाद में शुक्रवार शाम अचानक जमीन धंसने से छाताबाद इलाके में हड़कंप मच गया। इसकी चपेट में 12 से ज्यादा मकान आ गए, जबकि एक दो मंजिला घर पूरी तरह जमीन में समा गया और करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने खदान में ब्लास्टिंग और भूमिगत खनन को लेकर बीसीसीएल व प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले में एक बार फिर भू-धंसान की घटना से हड़कंप मच गया। कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में शुक्रवार शाम अचानक बड़े हिस्से की जमीन धंस गई। कुछ ही पलों में 12 से अधिक मकान इसकी चपेट में आ गए। कई घरों की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं, जबकि एक दो मंजिला मकान देखते ही देखते जमीन के अंदर समा गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के समय कई लोग अपने मकानों के अंदर मौजूद थे। जमीन धंसने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना मलबे और क्षतिग्रस्त मकानों में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में करीब 12 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

Dhanbad Land Subsidence

धनबाद में फिर धंसी जमीन (AI फोटो)

देखते ही देखते जमीन का बड़ा हिस्सा धंसा

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खदान में ब्लास्टिंग होने के कुछ समय बाद इलाके में तेज कंपन महसूस किया गया। इसके बाद अचानक जमीन में दरारें पड़ने लगीं और देखते ही देखते जमीन का बड़ा हिस्सा धंस गया। कई मकान अचानक नीचे बैठ गए, जिसके चलते लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग आनन-फानन में घरों से बाहर निकलने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, बीसीसीएल और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। इलाके को घेरकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि भू-धंसान कितने बड़े क्षेत्र में हुआ है तथा कितने मकान प्रभावित हुए हैं।

End of Feed