परिसीमन बिल पर INDIA ब्लॉक में रार! NCP-SP समर्थन पर भड़की कांग्रेस, याद दिलाया राज्यसभा का 'एहसान'

संसद के विशेष सत्र में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक पर NCP-SP द्वारा केंद्र सरकार का समर्थन करने के फैसले से INDIA गठबंधन में रार छिड़ गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शरद पवार और सुप्रिया सुले को राज्यसभा चुनाव में दिए समर्थन का हवाला देकर तीखा तंज कसा है।

केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले विपक्षी 'INDIA' गठबंधन के भीतर बड़ा राजनीतिक घमासान मच गया है। विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पेश किया जाना है। इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP-SP ने खुले तौर पर ऐलान किया है कि वह परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी एकजुटता के साथ नहीं है और सदन में इस संवैधानिक प्रक्रिया और विधेयक के पक्ष में वोट करेगी। NCP-SP के इस कदम के सामने आने के बाद महा विकास अघाड़ी (MVA) और INDIA गठबंधन के प्रमुख घटक दल कांग्रेस ने तीखा रुख अपनाया है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर शरद पवार और सुप्रिया सुले पर जोरदार हमला बोला है।

Delimitation Bill 2026 NCP SP Sharad Pawar Congress

महाराष्ट्र कांग्रेस ने पोस्ट की शिकायत (चित्र साभार: X/@INCMaharashtra)

"85 की उम्र में हमने राज्यसभा भेजा, अब बीजेपी का साथ!"

महाराष्ट्र कांग्रेस ने पुरानी घटना याद दिलाते हुए एक बेहद तीखी पोस्ट साझा की। कांग्रेस ने कहा कि उसने 85 वर्षीय शरद पवार को फिर से राज्यसभा भेजने के लिए अपना पूरा समर्थन दिया था। कांग्रेस ने मार्च 2026 में हुए महाराष्ट्र के राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए लिखा कि उस समय महाराष्ट्र की 7 सीटों पर चुनाव होना था। NCP-SP के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि एक सीट जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। उस वक्त कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (UBT) के पास 20 विधायक थे। कांग्रेस ने एहसान जताने वाले लहजे में कहा कि सुप्रिया सुले ने खुद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए समर्थन मांगा था। कांग्रेस ने अपने दावे की सीट छोड़कर पवार का समर्थन किया और बाद में शिवसेना (UBT) ने भी सर्वसम्मति से उनका साथ दिया। महाराष्ट्र कांग्रेस ने आगे लिखा कि "हमने संकट के समय शरद पवार का डटकर साथ दिया। और अब क्या? उसी परिसीमन कानून के मुद्दे पर शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी बीजेपी सरकार का समर्थन करने जा रही है।"

जितेंद्र आव्हाड बोले- "परिसीमन संवैधानिक दायित्व, हम समर्थन करेंगे"

इससे पहले शुक्रवार को NCP-SP नेता जितेंद्र आव्हाड ने स्पष्ट किया था कि शरद पवार से हुई बातचीत के बाद पार्टी ने परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का फैसला लिया है। आव्हाड ने कहा कि परिसीमन एक संवैधानिक आवश्यकता है और पार्टी इसका समर्थन करेगी। उल्लेखनीय है कि प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के तहत लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें होंगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा के सत्र को फिर से शुरू करने का अनुरोध किया है।

सुप्रिया सुले ने बनाई INDIA ब्लॉक की बैठक से दूरी

परिसीमन और विशेष सत्र की रणनीति पर चर्चा के लिए कांग्रेस ने शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक बुलाई है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को ही यह स्पष्ट कर दिया कि वे शनिवार की बैठक में शामिल नहीं होंगी। सुप्रिया सुले के मुताबिक, शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने के कारण वे सोमवार को ही दिल्ली पहुंचेंगी। हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी के अन्य प्रतिनिधि इस बैठक में हिस्सा लेंगे। वहीं, शुक्रवार को हुई अपनी आंतरिक बैठक में कांग्रेस ने संकेत दिया है कि परिसीमन जैसे राष्ट्रीय मुद्दे पर गठबंधन की सामूहिक रणनीति से अलग हटने वाले दलों के इस कदम से INDIA ब्लॉक के भविष्य और उसके कामकाज पर गंभीर असर पड़ सकता है।

End Article
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहर...

End of Feed