दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के खुलने का इंतजार हम सभी बड़ी ही बेसब्री से कर रहे हैं। जल्द ही इसका उद्घाटन होने वाला है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को कुल चार फेज में बनाया जा रहा है। इसमें पहला फेज, पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम के पास से शुरू होकर बागपत में ईस्टर्न पेरिफरल एक्सप्रेसवे तक है। फेज 2 बागपत से शुरू होकर सहारनपुर बायपास तक जाता है और यह ज्यादातर हिस्सा ग्रीनफील्ड है। तीसरा फेज सहारनपुर बायपास से उत्तराखंड में गणेशपुर तक है। चौथा फेज गणेशपुर से देहरादून तक जाता है। चलिए आज फेज 1 का ताजा अपडेट जानते हैं -
पहला फेज यानी अक्षरधाम से बागपत जिले में मविकला गांव के पास ईस्टर्न पेरिफरल एक्सप्रेसवे तक पूरी तरह बनकर तैयार है। फेज 1 को दो सिविल पैकेजेस में बनाया गया है। जिसमें पहला पैकेज 14.75 किमी का है, जो पूरी तरह से दिल्ली में आता है और इसे गावर कंस्ट्रक्शन (Gawar Construction Limited) ने बनाया है। इसका पैकेज 2 करीब 16.85 किमी लंबा है, जो दिल्ली बॉर्डर से बागपत जिले के मविकला गांव तक जाता है। पैकेज 2 का कॉन्ट्रैक्ट पहले गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड को दिया गया था, लेकिन बाद में उसे ब्लैक लिस्ट कर दिया गया। इसके बाद पैकेज-2 का काम सीगल इंडिया (Ceigall India) को दिया गया।
ट्रैफिक के लिए खुला फेस-1
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का फेस-1 पूरी तरह से ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है। इस फेस का इस्तेमाल करके आप बागपत जिले के मविकला गांव तक आसानी से जा सकते हैं। बता दें कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के फेस-1 का पैकेज वन यानी दिल्ली सेक्शन आपके लिए हमेशा फ्री रहने वाला है। यानी आप अक्षरधाम से लोनी बॉर्डर तक हमेशा इस इकोनॉमिक कॉरिडोर पर मुफ्त यात्रा कर पाएंगे। इस इकोनॉमिक कॉरिडोर पर गांधी नगर के पास से एलिवेटेड हिस्सा शुरू होता है, जो खजूरी खास के पास तक जाता है और करीब 6.4 किमी लंबा है।

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का फेज 1 लगभग 32 किमी लंबा
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर फेज 1 का सबसे ऊंचा हिस्सा
खजूरी के पास इस एलिवेटेड सेक्शन की हाइट काफी ज्यादा हो जाती है। क्योंकि यहां पर दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का यह हिस्सा एक फ्लाईओवर और दिल्ली मेट्रो की लाइन के ऊपर से गुजरता है। यहीं कुछ दूरी पर पहले एलिवेटेड सेक्शन के खत्म होने के साथ ही कुछ दूरी पर फेज-1 का पैकेज-1 पूरा हो जाता है। यहां से फेज-1 का पैकेज-2 शुरू होता है। फेज-1 का पैकेज 2 एलिवेटेड सेक्शन से ही शुरू होता है, इसमें कुल दो एलिवेटेड सेक्शन हैं। पैकेज 2 में इस फेज का पहला टोल प्लाजा लोनी के पास बनाया गया है। यहां से कुछ आगे ट्रोनिका सिटी के पास एक एग्जिट भी बना है, जिससे आप दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से एग्जिट कर सकते हैं।
यहां नहीं है कोई भी एग्जिट और एंट्री
ट्रोनिका सिटी के पास ही पैकेज2 का पहला एलिवेटेड सेक्शन भी समाप्त होता है और दूसरा एलिवेटेड सेक्शन शुरू होता है। यह एलिवेटेड सेक्शन यहां के मंडोला गांव के ऊपर से गुजरता है। पैकेज2 के दूसरे एलिवेटेड सेक्शन की खास बात यह है कि इसके बीच में कहीं भी एग्जिट और एंट्री प्वाइंट्स नहीं हैं। यानी एक बार इसमें जाने के बाद आप एलिवेटेड सेक्शन के खत्म होने के बाद ही इससे एग्जिट कर पाएंगे। यानी मंडोला गांव के पास से एंट्री करने के बाद आप मविकला गांव के पास ईस्टर्न पैरिफरल एक्सप्रेसवे से इंटरचेंज पर ही एग्जिट कर सकते हैं।

आधे घंटे में अक्षरधाम से बागपत की दूरी होगी तय
अक्षरधाम से मविकला तक कितना समय लगेगा?
जैसा कि हमने पहले ही बताया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का पहला फेज पूरी तरह से तैयार है और ट्रैफिक के लिए खुला है। अगर आप इस पर सफर करते हैं तो अभी आपको इस करीब 32 किमी के सेक्शन को पार करने में लगभग आधे घंटे का समय लगेगा।
नोट - सभी तस्वीरें और जानकारी इंफ्रा वीलॉगर Mohit Kumar के X सोशल मीडिया हैंडल (@DetoxTravellerr) से ली गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
