Sangam Vihar Dog Attack: उत्तरी दिल्ली के संगम विहार इलाके में आवारा कुत्ते के हमले का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। घर के बाहर खेल रहे 18 महीने के मासूम पर अचानक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। हमले में बच्चे के चेहरे पर गंभीर चोट आई है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि मासूम घर के बाहर खेल रहा था, तभी एक आवारा कुत्ता अचानक उस पर झपट पड़ा।
कुछ सेकंड में खेलने की खुशी चीखों में बदली
आईसीयू में भर्ती कराया गया मासूम
कुत्ते ने बच्चे को जमीन पर गिरा दिया और उस पर हमला करने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाकर मासूम की जान बचाई। इसके बाद घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के मुताबिक, कुत्ते के हमले में बच्चे के चेहरे से मांस का टुकड़ा तक निकल गया। बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
संकरी और बंद गलियों में आवारा कुत्तों का आतंक
घटना के बाद इलाके के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आवारा कुत्तों को लेकर नियम-कानून होने के बावजूद जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एमसीडी की टीम भी इलाके में पहुंची और कुछ आवारा कुत्तों का रेस्क्यू किया गया। हालांकि, जिस कुत्ते ने मासूम बच्चे पर हमला किया था, वह अभी तक पकड़ा नहीं गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संकरी और बंद गलियों में आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है।
आवारा कुत्तों को लेकर हो प्रभावी कार्रवाई
लोगों ने मांग की है कि इलाके में आवारा कुत्तों को लेकर प्रभावी कार्रवाई की जाए और ऐसी गलियों में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और मासूम को इस तरह के हमले का शिकार न होना पड़े। फिलहाल मासूम अब्बास अस्पताल में भर्ती है। इस घटना ने एक बार फिर आवारा कुत्तों के हमलों और उनकी रोकथाम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
