Delhi Weather: दिल्ली में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रविवार रात राजधानी में इस महीने की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 17.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। शनिवार के मुकाबले रविवार को तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 30 डिग्री के ऊपर जा सकता है।
दिल्ली में दर्ज हुई अक्टूबर की सबसे ठंडी रात (सांकेतिक फोटो)
दिल्ली में कहां कितना रहा तापमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को बताया कि पालम में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड और आयानगर में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इन दोनों स्थानों पर भी सामान्य से दो डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, रिज में न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सोमवार सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि के दौरान दिल्ली के पांचों मौसम केंद्रों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Patna News: पटना में बेकाबू स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचला, एक की मौत, 6 घायल
दिल्ली का AQI 118 पर हुआ दर्ज
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार सुबह आठ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 118 दर्ज किया गया। जिसे ’संतोषजनक’ श्रेणी में माना जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ’अच्छा’, 51 से 100 के बीच ’संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ’मध्यम’, 201 से 300 के बीच ’खराब’, 301 से 400 के बीच ’बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ’गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
(इनपुट - भाषा)
