Delhi Gangwar Foiled: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में एक बड़े गैंगवार की साजिश को नाकाम करते हुए दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल शर्मा उर्फ पचपच और गौतम उर्फ बौंसर के रूप में हुई है। दोनों बदमाश दिल्ली-NCR में सक्रिय हैं और प्रेम नगर थाने के घोषित बैड कैरेक्टर बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सेल को खुफिया जानकारी मिली थी कि दो हथियारबंद बदमाश रोहतक से दिल्ली की तरफ आ रहे हैं और रानी खेड़ा इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और रानी खेड़ा बस डिपो के पास एक काले रंग की कार को रोकने का इशारा किया। तलाशी के दौरान कार में सवार दोनों बदमाशों को दबोच लिया गया।
दिल्ली के दो बदमाश गिरफ्तार (फोटो साभार- TNN)
पुलिस ने बरामद की इटली में बनी पिस्टल
पुलिस ने दोनों के पास से इटली में बनी दो अत्याधुनिक पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जा रही कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी अपने विरोधी गैंग के अमित मान और उसके साथियों की हत्या की साजिश रच रहे थे। दोनों रोहतक से हथियार लेकर सीधे रानी खेड़ा में हमला करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर एक संभावित गैंगवार और हत्या की वारदात को टाल दिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- करवा चौथ पर पति बना हैवान, खलबट्टे से सिर कुचलकर कर दी पत्नी की हत्या
पचपच और बौंसर गिरफ्तार
जांच में पता चला है कि आरोपी राहुल शर्मा को दिल्ली पुलिस ने एक साल के लिए दिल्ली से बाहर रहने का आदेश दिया था, जिसे तड़ीपार कहा जाता है। इसके बावजूद वह चोरी-छिपे दिल्ली में रह रहा था और आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। राहुल शर्मा उर्फ पचपच के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, डकैती समेत नौ संगीन मामले दर्ज हैं।
दोनों आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल
वहीं दूसरा आरोपी गौतम उर्फ बौंसर पर 14 आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप है। दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं। फिलहाल स्पेशल सेल ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें हथियार कहां से मिले और इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
