Delhi News: दिल्ली के सेंट्रल जिले में स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में कथित तौर पर चल रहे सेक्स रैकेट के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर 29 महिलाओं को रेस्क्यू किया है, जबकि स्पा मालिकों, मैनेजरों, रिसेप्शनिस्ट और ग्राहकों सहित 15 लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने चार मामलों में अनैतिक देह व्यापार अधिनियम (ITP Act) के तहत FIR दर्ज की है। इसके अलावा, पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने पर दो अन्य मामले भी दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने दिल्ली के स्पा सेंटरों में छापा मारकर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग इलाके में स्थित चार स्पा सेंटरों पर एक साथ कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ स्पा सेंटर मसाज की आड़ में ग्राहकों को देह व्यापार के लिए महिलाएं उपलब्ध करा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने डिकॉय ग्राहक भेजे और कथित गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद छापेमारी की।
नबी करीम में 6 महिलाएं रेस्क्यू
नबी करीम थाना पुलिस ने राम नगर, पहाड़गंज स्थित A-One Spa & Saloon पर छापा मारकर छह महिलाओं को रेस्क्यू किया। पुलिस ने इस मामले में स्पा मालिक, सह-मालिक, मैनेजर और अन्य लोगों सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यहां FIR नंबर 552/2026 दर्ज की गई। इसके अलावा, परिसर के मालिक के खिलाफ BNS की धारा 223A के तहत FIR नंबर 553/2026 भी दर्ज की गई।
पहाड़गंज के स्पा से 3 महिलाएं रेस्क्यू
पहाड़गंज थाना पुलिस ने मेन बाजार, 6 टूटी चौक स्थित Organic Spa पर छापा मारकर तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया। पुलिस के मुताबिक, स्पा मैनेजर सम्प्रिता झा (38) ग्राहकों को मसाज के नाम पर अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराने में कथित तौर पर शामिल थीं। मौके से 5 हजार रुपये नकद, तीन कंडोम, एक रजिस्टर और पेन बरामद किया गया। इस मामले में ITP एक्ट के तहत FIR दर्ज कर मैनेजर को हिरासत में लिया गया और पाबंद भी किया गया।
करोल बाग के दो स्पा सेंटरों पर छापेमारी
करोल बाग थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की। पहली टीम ने WEA स्थित Maurya Spa पर छापा मारकर 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया। पुलिस ने दो मैनेजर शुभंकर और निधि सोनी सहित चार ग्राहकों को पकड़ा। इस मामले में FIR नंबर 1250/2026 दर्ज की गई।
वहीं, दूसरी टीम ने टैंक रोड, WEA स्थित Heritage Spa पर छापा मारकर 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया। पुलिस ने रिसेप्शनिस्ट/मैनेजर सूरज (20) को पकड़ा। यहां FIR नंबर 1251/2026 दर्ज की गई।
पटेल नगर में पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने पर FIR
इसके अलावा पटेल नगर थाना पुलिस ने ईस्ट पटेल नगर स्थित The Palace Spa और The Galaxy Spa में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने पर दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों स्पा के मैनेजरों ने कर्मचारियों का वेरिफिकेशन नहीं कराने की बात स्वीकार की। इस मामले में BNS की धारा 223(a) के तहत FIR नंबर 364/2026 और 365/2026 दर्ज की गई हैं।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान नकदी, ग्राहक रजिस्टर, कंडोम, लाइसेंस संबंधी दस्तावेज और अन्य सबूत जब्त किए हैं। सभी चार देह व्यापार से जुड़े मामलों में जांच जारी है। पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच करने के साथ यह भी पता लगा रही है कि इस कथित नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।
