शहर

दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर हिट एंड रन का मामला; ऑन-ड्यूटी हेड कांस्टेबल को गाड़ी से कुचला, 2 आरोपी गिरफ्तार

Delhi Hit And Run: दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल अमित को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। अलीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

ऑन ड्यूटी पुलिस अफसर को कार ने मारी थी टक्कर

Delhi Hit And Run: राजधानी दिल्ली के सिंघू बॉर्डर से एक चौंकाने खबर सामने आई है। यहां ऑन-ड्यूटी ट्रैफिक संभाल रहे दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल जवान को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस ने इस हिट एंड रन मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

दिल्ली पुलिस द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार (15 जुलाई) शाम करीब 6:00 बजे की है। हेड कांस्टेबल अमित सिंघू बॉर्डर पर मुस्तैदी से अपनी ट्रैफिक ड्यूटी का संचालन कर रहे थे। इसी दौरान एक अत्यधिक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित सड़क पर दूर जा गिरे। उन्हें तुरंत नजदीकी सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल (SRHC) ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही वे दम तोड़ चुके थे और डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया।

दो आरोपी चढ़े हत्थे

घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी गई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में अलीपुर थाने (PS Alipur) में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की। पुलिस ने इस हिट एंड रन केस में शामिल दो मुख्य आरोपियों, कुलदीप और नीरज को धर-दबोचा है। वारदात को अंजाम देने वाले उस अनियंत्रित वाहन की भी पहचान कर उसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले की जांच शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है ताकि कानून के मुताबिक जांच को जल्द से जल्द पूरा कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article