Delhi Weather Today (16 July 2026): मानसून का मौसम भले आ गया है लेकिन बीते दिनों की छिटपुट बरसात के अलावा राजधानी दिल्ली को कुछ खास नसीब नहीं हुआ है। पिछले हफ्ते 8 और 9 जुलाई को दिल्ली NCR में मूसलाधार बरसात हुई और भीषण गर्मी से फौरी राहत भी मिली लेकिन उसके बाद जो उमस वाली गर्मी का सिलसिला शुरू हुआ वो अबतक जारी है। फिलहाल को हालात ऐसे हैं कि पूरी दिल्ली में हॉट डे घोषित कर IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में आज हॉट डे की चेतावनी (IMD)
()
महसूस हुई 46.9 डिग्री जैसी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, हवा में नमी का स्तर 50 फीसदी से अधिक रहने के कारण लोगों को असहज करने वाली 'हॉट एंड ह्यूमिड' स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा था। हैरान करने वाली बात यह है कि बुधवार शाम को जब तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस था, तब 48 से 71 फीसदी तक की भारी उमस के कारण इंसानी शरीर को महसूस होने वाली गर्मी यानी 'फील लाइक टेम्परेचर' 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
लंबा खिंचा मानसून ब्रेक, करना होगा एक हफ्ता इंतजार
दिल्ली में इस बार मानसून पांच दिन की देरी से पहुंचा था, लेकिन इसके बाद भी बारिश की गतिविधियां उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाईं। पिछले पांच दिनों से राजधानी में अच्छी मानसूनी बारिश दर्ज नहीं की गई है। हल्के बादलों और आंशिक बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक आने के बजाय उमस और बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को भी दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तेज धूप और हाई ह्यूमिडिटी के कारण गुरुवार को भी हॉट डे जैसे हालात बने रहेंगे। दिल्लीवालों के लिए अच्छी और झमाझम बारिश का इंतजार अब थोड़ा लंबा खिंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिल्ली में पूरी तरह सक्रिय मानसून के लिए करीब एक सप्ताह का इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, फौरी राहत के तौर पर शनिवार और रविवार को 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे पारे में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है।
