Delhi Drunk Driving Crackdown: दिल्ली में सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्ती और बढ़ा दी है। इसी कड़ी में 18 अप्रैल की रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान महज तीन घंटे में 269 ड्राइवरों के चालान काटे गए, जबकि 38 गाड़ियों को जब्त भी किया गया।
रात में चला पुलिस का स्पेशल ड्राइव
यह अभियान रात 9 बजे से 12 बजे तक पूरे दिल्ली में एक साथ चलाया गया। अलग-अलग इलाकों में पुलिस टीमों ने बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की। इस दौरान दोपहिया, कार, ऑटो और भारी वाहनों समेत हर तरह की गाड़ियों को रोका गया और ड्राइवरों का अल्कोहल टेस्ट किया गया। जांच के दौरान जो भी ड्राइवर शराब के नशे में वाहन चलाते मिले, उनके खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई।
इस साल हजारों लोगों पर ड्रंक एंड ड्राइव में कार्रवाई
DCP नई दिल्ली ट्रैफिक शोभित सक्सेना के मुताबिक, इस तरह के अभियान का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है। नशे में ड्राइविंग न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बनती है। अगर इस साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 जनवरी 2026 से अब तक हजारों लोगों पर नशे में गाड़ी चलाने के मामले में कार्रवाई हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा मामले दोपहिया चालकों के सामने आए हैं, जबकि कार चालकों की संख्या भी काफी है।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि शराब पीने के बाद खुद गाड़ी चलाने से बचें। जरूरत पड़ने पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कैब या किसी जिम्मेदार ड्राइवर का सहारा लें, ताकि सड़क पर सुरक्षा बनी रहे और हादसों से बचा जा सके।
