Delhi Auto Theft Gang: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल ने हाल ही में एक बड़े ऑटो लिफ्टिंग गैंग का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से 16 लग्जरी कारें बरामद हुई हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें शक है कि इस गैंग के अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप, दमनदीप और अरविंद शर्मा के रूप में हुई है। ये लोग चोरी की गाड़ियों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें कम दाम में बाजार में बेचते थे और मोटा मुनाफा कमाते थे। बरामद गाड़ियों में अधिकतर किआ और फॉर्च्यूनर शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस ने किया बड़े ऑटो लिफ्टिंग गैंग का पर्दाफाश (प्रतीकात्मक फोटो)
क्राइम ब्रांच के डीसीपी ने क्या बताया?
क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने जानकारी दी कि उनकी इंटरस्टेट सेल ने एक बड़े ऑटो चोरी गैंग का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में की गई। अब तक पुलिस के हाथ 16 चोरी हुई गाड़ियां लगी हैं, जिनमें आठ फॉर्च्यूनर, पांच किआ, एक थार, एक क्रेटा और एक वैन्यू शामिल हैं। ये सभी वाहन दिल्ली से चोरी किए गए थे।
आरोपियों के थे अलग-अलग काम
डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के काम अलग-अलग थे। अमनदीप का काम चोरी की गाड़ियों को पंजाब तक पहुंचाना और वहां सप्लाई करवाना था। दमनदीप तकनीकी पक्ष संभालता था; वह चोरी की गाड़ियों के लिए नकली दस्तावेज तैयार करता था, नंबर प्लेट बदलवाता था और उनके आधार पर रजिस्ट्रेशन करवाता था। इसमें अरविंद शर्मा उसकी मदद करता था।
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
इसके बाद ये गाड़ियां बाजार में उनकी असली कीमत से लगभग 60-65 प्रतिशत कम कीमत पर बेची जाती थीं। डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि लंबे समय तक जांच और ट्रैकिंग के बाद ही क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल इस गैंग को पकड़ने में सफल रही। अभी ऑपरेशन जारी है और पुलिस गाड़ियों की पहचान करने और बाकी आरोपियों तक पहुंचने में जुटी हुई है।
(आईएएनएस)
