कंबोडिया से चल रहा था इंटरनेशनल साइबर ठगी सिंडिकेट, दिल्ली पुलिस ने 5 को दबोचा

Cambodia Cybercrime Syndicate: पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के स्पेशल सेल थाने में दर्ज FIR नंबर 148/26 की जांच के दौरान सूचना मिली थी कि एक गिरोह साइबर अपराधियों को ठगी की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध करा रहा है।

Cambodia Cybercrime Syndicate: दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में इस नेटवर्क के तार कंबोडिया से संचालित हो रहे एक अंतरराष्ट्रीय साइबरक्राइम सिंडिकेट से जुड़े मिले हैं। आरोपी साइबर ठगों को ठगी की रकम हासिल करने और उसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। जांच के दौरान एक म्यूल बैंक खाते में करीब 2 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला। IFSO की टीम ने HDFC बैंक के अधिकारियों के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी रकम होल्ड करा दी। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी के दो मामलों को भी सुलझाया है।

Delhi Police

दिल्ली पुलिस ने 5 को दबोचा (फोटो साभार- TNN)

द्वारका के होटल से पकड़े गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के स्पेशल सेल थाने में दर्ज FIR नंबर 148/26 की जांच के दौरान सूचना मिली थी कि एक गिरोह साइबर अपराधियों को ठगी की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध करा रहा है। गिरोह के कुछ सदस्य द्वारका इलाके के एक होटल में ठहरे हुए थे। वे HDFC बैंक में M/s MR Traders के नाम से संचालित खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए कर रहे थे। सूचना के आधार पर IFSO की टीम ने छापेमारी कर संदिग्धों को पकड़ा। इसके बाद स्पेशल सेल थाने में FIR नंबर 230/26 दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई।

मोबाइल में मिला OTP फॉरवर्ड करने वाला ऐप

जांच में आरोपियों के काम करने का तरीका सामने आया। आरोपी साइबर ठगों के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इन खातों के जरिए ठगी की रकम हासिल की जाती थी और फिर उसे कई बैंक खातों में ट्रांसफर कर रकम को छिपाने की कोशिश की जाती थी। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में ‘SMS TOOLS’ नाम का एक संदिग्ध ऐप मिला। पुलिस के मुताबिक, इस ऐप को इस तरह कॉन्फिगर किया गया था कि मोबाइल पर आने वाले SMS और बैंकिंग OTP अपने आप विदेश में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंच जाएं। इससे विदेश में बैठे साइबर ठगों को दूर बैठकर बैंक खातों के संचालन और साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों को अंजाम देने में मदद मिल सकती थी।

म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त के लिए सात टेलीग्राम चैनल

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी आपस में संपर्क और समन्वय के लिए टेलीग्राम का इस्तेमाल कर रहे थे। जांच के दौरान ऐसे सात टेलीग्राम चैनलों की पहचान की गई है, जिनके जरिए कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। आरोपियों के मोबाइल फोन से टेलीग्राम चैट, व्हाट्सऐप बातचीत और क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन से जुड़े डिजिटल सबूत भी मिले हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी कंबोडिया से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय साइबरक्राइम सिंडिकेट के लिए स्थानीय स्तर पर मददगार और खाते उपलब्ध कराने वाले फेसेलिटेटर के रूप में काम कर रहे थे।

ये पांच आरोपी गिरफ्तार

1. अनीश खान (31)

2. इंतखाब (27)

3. अल्ताफ हुसैन (45)

4. मोहम्मद महफूजार रहमान (41)

5. इजहार आलम (34)

छह मोबाइल फोन और चेकबुक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से M/s MR Traders के बैंक खाते से संबंधित चेकबुक और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप और टेलीग्राम चैट, क्रिप्टोकरेंसी ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इसके अलावा म्यूल बैंक खातों के कारोबार से जुड़े सात टेलीग्राम चैनलों के डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच जारी

इस पूरे ऑपरेशन को IFSO की टीम ने अंजाम दिया। टीम में इंस्पेक्टर सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल राजेश और हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल थे। कार्रवाई ACP विवेकानंद झा की निगरानी और DCP-I/IFSO गौरव त्यागी के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी, दूसरे म्यूल बैंक खातों का पता लगाने, ठगी की रकम के पूरे मनी ट्रेल और कंबोडिया में बैठे साइबर अपराधियों के हैंडलर्स की भूमिका की जांच कर रही है।

End Article
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक है...

End of Feed